LOADING

Type to search

मासूम के गले में फंसा दो रुपए का सिक्का

Health

मासूम के गले में फंसा दो रुपए का सिक्का

Share

सांस लेने में दिक्कत बढ़ी तो डॉक्टरों ने बिना चीरा लगाए निकाला सिक्का
बांसवाड़ा, 18 मई:
बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र के घोड़ी तेजपुर गांव में खेल-खेल में पांच साल के मासूम द्वारा दो रुपए का सिक्का निगलने से हड़कंप मच गया। सिक्का भोजन नली में फंसने के कारण बच्चे को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। परिजन घबराकर उसे तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की तत्परता से उसकी जान बच सकी। डॉक्टरों ने देर रात आधुनिक दूरबीन पद्धति से सफल ऑपरेशन कर बिना चीरा लगाए सिक्का बाहर निकाल लिया।
हालत गंभीर देख तुरंत लिया निर्णय
जानकारी के अनुसार संतोष पुत्र अर्जुन रविवार दोपहर घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसने दो रुपए का सिक्का मुंह में डाल लिया, जो गलती से निगल गया। कुछ ही देर में बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और सांस लेने में परेशानी शुरू हो गई। अस्पताल पहुंचने पर ईएनटी विभाग की टीम ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। रात करीब नौ बजे ऑपरेशन थिएटर में बच्चे का उपचार शुरू किया गया।
डॉक्टरों की टीम ने बचाई जान
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. संदीप जोशी ने बताया कि सिक्का भोजन नली में फंसा था, जिससे सांस का रास्ता भी प्रभावित हो रहा था। आधुनिक तकनीक की मदद से सिक्के को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल बच्चा अस्पताल के वार्ड में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। ऑपरेशन टीम में डॉ. सव्या, डॉ. शुभम, डॉ. हुकमचंद सहित नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *