LOADING

Type to search

पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस-भाजपा और बीएपी में आरोप-प्रत्यारोप तेज

political

पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस-भाजपा और बीएपी में आरोप-प्रत्यारोप तेज

Share

घोघरा ने बीएपी को बताया भाजपा का एजेंट, सांसद रोत बोले- कांग्रेस-भाजपा में अंदरूनी गठबंधन; जीत के बाद भील प्रदेश की मांग करेंगे बुलंद
डूंगरपुर/बांसवाड़ा, 15 अक्टूबर:
पंचायतराज चुनाव से पहले दक्षिण राजस्थान में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा ने भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) पर आदिवासी युवाओं को गुमराह करने और भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। वहीं, बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत ने कांग्रेस और भाजपा के बीच अंदरूनी गठबंधन होने का दावा करते हुए कहा कि पंचायतराज चुनाव में जीत मिलने पर भील प्रदेश की मांग को लेकर दिल्ली और जयपुर कूच किया जाएगा।
घोघरा ने बीएपी के टिकट वितरण पर उठाए सवाल
कांग्रेस विधायक एवं जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा ने आरोप लगाया कि बीएपी नेताओं की भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन वे क्षेत्र में काम नहीं करवाते। उन्होंने कहा कि बीएपी आदिवासी समाज के नाम पर युवाओं को गुमराह कर रही है। घोघरा ने टिकट वितरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले प्रत्याशियों के चयन में समाज की जाजम पर चर्चा करने का दावा किया जाता था, लेकिन इस बार समाज से राय लिए बिना मनमर्जी से टिकट बांटे गए। उन्होंने एक व्यक्ति को एक बार टिकट देने के पुराने दावे का जिक्र करते हुए कहा कि सांसद और विधायक का चुनाव लड़ चुके नेताओं को भी जिला परिषद के टिकट दिए गए। उन्होंने निकाय चुनाव में बीएपी नेताओं के मतदान नहीं करने पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस के मुख्य सचेतक एवं जिला प्रभारी रफीक खान ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में मिलने वाली 100 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा अब गायब हो गई है। उन्होंने मुफ्त दवा, मुफ्त जांच और रोजगार योजनाओं का उल्लेख करते हुए मनरेगा को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। खान ने दावा किया कि पंचायतराज चुनाव में कांग्रेस के प्रमुख और प्रधान बनेंगे। इस दौरान पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
रोत बोले- दोनों दलों का उद्देश्य सत्ता हासिल करना
सांसद राजकुमार रोत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा की राजनीति का उद्देश्य सत्ता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होने या अन्य परिस्थितियां बनने पर समर्थन का फैसला जनता की भावनाओं और हालात के अनुसार किया जाएगा। रोत ने कहा कि उनकी पार्टी वार्ड पंच से जिला प्रमुख तक के पदों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। जीत मिलने पर लाखों लोगों को एकजुट कर भील प्रदेश की मांग को लेकर दिल्ली और जयपुर कूच करेंगे।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *