LOADING

Type to search

बुजुर्ग की हत्या के बाद छत पर शव जलाया, फिर 40 दोस्तों के साथ की पार्टी

Rajasthan

बुजुर्ग की हत्या के बाद छत पर शव जलाया, फिर 40 दोस्तों के साथ की पार्टी

Share

22 लाख के गहने लूटने का आरोप, अवशेष नदी में फेंके; पड़ोसियों ने उठाए सवाल
उदयपुर, 29 अक्टूबर:
राजस्थान के भीलवाड़ा में 72 वर्षीय कमलादेवी कांकरिया की हत्या के बाद शव को मकान की छत पर जलाने और फिर उसी जगह करीब 40 दोस्तों के साथ नॉनवेज पार्टी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शव जलाने के बाद हड्डियों और अन्य अवशेषों को कोठारी नदी में फेंक दिया था। वारदात के सबूत मिटाने के लिए छत की मरम्मत भी करवाई गई। गुरुवार को पुलिस और एफएसएल टीम ने तीन गिरफ्तार आरोपियों की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रवि तापड़िया ने 12 अक्टूबर की रात कमलादेवी को आरके कॉलोनी स्थित मकान पर बुलाया था। वहां संपत्ति अपने नाम करवाने के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने को लेकर विवाद हुआ। कमलादेवी के इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद महिला के शरीर से करीब 15 तोला सोने के गहने उतार लिए गए, जिनकी कीमत लगभग 22 लाख रुपए बताई गई है।
लकड़ियों और टायरों से जलाया शव
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अगले दिन आरा मशीन से करीब एक क्विंटल लकड़ियां खरीदकर लाया। 13 अक्टूबर की रात मकान की छत पर लकड़ियों और टायरों की मदद से शव जलाया गया। अगले दिन हड्डियों, जले हुए अवशेषों और कोयले को कोठारी नदी में फेंक दिया गया। पुलिस नदी से हड्डियों के 40 से अधिक टुकड़े बरामद कर चुकी है। आरोपियों ने छत के जले हिस्से पर सीमेंट का घोल डालकर मरम्मत भी करवाई थी।
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद उसी मकान की छत पर करीब 40 दोस्तों के साथ नॉनवेज पार्टी भी की गई। पुलिस अब पार्टी के लिए मांस कहां से खरीदा गया था, इसकी जांच कर रही है। साथ ही महिला के गहनों की बरामदगी और फरार आरोपी कालू तापड़िया की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
लापता होने की रिपोर्ट से खुला मामला
कमलादेवी के परिजनों ने 15 अक्टूबर को उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान कमलादेवी और रवि तापड़िया के एक साथ जाते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने आए। पूछताछ के बाद रवि और उसके साथी हीरा सिंधी को गिरफ्तार किया गया। मामले में आर्यन दाधीच उर्फ चूचा को भी गिरफ्तार किया गया है। रवि का भतीजा कालू तापड़िया अभी फरार है।
पड़ोसियों का सवाल, किसी को भनक क्यों नहीं लगी?
घटना के बाद स्थानीय लोग इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि रिहायशी इलाके में छत पर शव जलाने के दौरान किसी को इसकी भनक कैसे नहीं लगी। पड़ोसियों के मुताबिक, न उन्हें बदबू महसूस हुई और न ही छत पर आग दिखाई दी। पुलिस अब घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है, जिसके बाद मामले के कई पहलुओं की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *