LOADING

Type to search

ब्लड के नाम पर वसूली का आरोप, अस्पताल में हंगामा

crime

ब्लड के नाम पर वसूली का आरोप, अस्पताल में हंगामा

Share

एमबी हॉस्पिटल परिसर में युवक की पिटाई, 6500 रुपए लौटवाए; पुलिस को सौंपा आरोपी

उदयपुर, 12 जून: उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में मरीज को ब्लड दिलाने के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हो गया। कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सोनी और उनके समर्थकों ने ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे लेने के आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार डूंगरपुर निवासी पंकज अहारी की पत्नी पिछले चार दिनों से एमबी हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है। चिकित्सकों द्वारा रक्त की आवश्यकता बताने पर ब्लड बैंक के आसपास घूम रहे एक युवक ने खुद को मददगार बताते हुए ब्लड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि युवक ने इसके बदले 6500 रुपए ले लिए और बाद में अतिरिक्त राशि की भी मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सोनी ने पीड़ित के साथ मिलकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। पीड़ित ने युवक को फोन कर अस्पताल बुलाया। जैसे ही उसने पैसे लिए, उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान समर्थकों ने उसकी पिटाई कर दी।
घटना की सूचना हाथीपोल थाना पुलिस और आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को दी गई। पुलिस आरोपी रौनक साहू निवासी आरके पुरम, सवीना को अपने साथ ले गई। वहीं पीड़ित से लिए गए 6500 रुपए भी वापस दिलवाए गए।

जांच के घेरे में ब्लड के नाम पर दलाली
एमबी हॉस्पिटल में ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे लेने के आरोप ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *