पहली बार शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर से जारी किया परीक्षा परिणाम
विज्ञान, कला में छात्राओं का दबदबा, कॉमर्स में छात्र आगे; मार्च में पहली बार घोषित परिणाम
उदयपुर, 31 मार्च : माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की 12वीं कक्षा के सभी संकायों का परीक्षा परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी सभागार से वर्चुअली जुड़कर परिणाम घोषित किए। इस वर्ष कुल परिणाम 96.45 प्रतिशत रहा, जो अब तक के बेहतर परिणामों में शामिल है। खास बात यह रही कि आजादी के बाद पहली बार बोर्ड परीक्षा परिणाम मार्च माह में घोषित किए गए।
विज्ञान वर्ग का परिणाम 97.52 प्रतिशत रहा, जिसमें छात्राओं (98.34%) ने छात्रों (97.02%) से बेहतर प्रदर्शन किया। कला वर्ग में 97.54 प्रतिशत परिणाम रहा, यहां भी छात्राएं आगे रहीं। वहीं वाणिज्य वर्ग का परिणाम 93.64 प्रतिशत रहा, जिसमें छात्रों ने बढ़त बनाई। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम 97.20 प्रतिशत दर्ज किया गया।
टॉपर्स से बातचीत, दी शुभकामनाएं
परिणाम जारी करने के बाद शिक्षा मंत्री ने सभी संकायों के टॉपर्स से मोबाइल पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा सुधार के कई बड़े फैसले
मंत्री दिलावर ने बताया कि इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाया गया है। अब गणित के साथ विज्ञान और अंग्रेजी में भी री-चेकिंग की सुविधा मिलेगी। आगामी सत्र से विद्यार्थियों को वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा देने का अवसर मिलेगा, जिससे तनाव कम होगा।
1 अप्रैल से नया सत्र, बढ़ेंगे कार्यदिवस
राज्य में नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा, जिससे कार्यदिवस 235 से बढ़कर 244 हो जाएंगे। साथ ही किताबें समय पर उपलब्ध कराने, यूनिफॉर्म की राशि डीबीटी के माध्यम से देने और विद्यालयों में अनुशासन बढ़ाने पर जोर दिया गया है।