गोदावरी डेम में डूबने से 14 वर्षीय छात्र की मौत

Share

उदयपुर, 10 जुलाई: उदयपुर जिले के खेरवाड़ा क्षेत्र के सुंदरा गांव में गोदावरी डेम के कैचमेंट एरिया में डूबने से 14 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंद मीणा पुत्र शंभूलाल मीणा निवासी सुंदरा के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा में पढ़ता था।
जानकारी के अनुसार स्कूल से छुट्टी होने के बाद गोविंद अपने मवेशियों को चराने और पानी पिलाने के लिए गोदावरी डेम के कैचमेंट क्षेत्र में गया था। इस दौरान डेम के किनारे उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। हादसे के समय उसका छोटा भाई भी साथ था। उसने गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खेरवाड़ा थाना पुलिस को जानकारी दी गई। थानाधिकारी करनाराम जाट के नेतृत्व में पुलिस और ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी प्रयास के बाद छात्र के शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।