मॉर्निंग वॉक के दौरान हादसा, सीसीटीवी में कैद; उदयपुर रेफर
डूंगरपुर, 10 जुलाई: डूंगरपुर की सुभाषनगर कॉलोनी में जीवन ज्योति हॉस्पिटल के सामने एक तेज रफ्तार कार ने रिटायर्ड एसडीएम रीडर भारत सिंह भाटी (68) को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल भाटी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया।
शहर के सुभाषनगर निवासी भारत सिंह भाटी डूंगरपुर में एसडीएम रीडर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे सुबह जल्दी उठकर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जानकारी के अनुसार, वे आज ही इलाज के लिए उदयपुर जाने वाले थे।
घर से थोड़ी दूर जीवन ज्योति हॉस्पिटल के सामने उन्हें तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भाटी उछलकर सड़क पर गिर गए। कार ड्राइवर वाहन सहित घटनास्थल से फरार हो गया।
प्राथमिक इलाज के बाद परिजनों ने उन्हें उदयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। यह पूरी घटना घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तेज रफ्तार कार को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है।