डूंगरपुर, 21 अक्टूबर: छह महीने से स्टाइपेंड नहीं मिलने से नाराज डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के 150 इंटर्न डॉक्टर बुधवार को हड़ताल पर उतर गए। 2021-22 बैच के डॉक्टर सुबह करीब 10 बजे नई बिल्डिंग के पोर्च में एकत्र हुए और बकाया भुगतान की मांग को लेकर नारेबाजी की। इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि वे कई बार कॉलेज प्रिंसिपल को समस्या बता चुके हैं, लेकिन आश्वासन के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। दिवाली से पहले राशि नहीं मिलने से उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। हड़ताल का असर अस्पताल की सेवाओं पर पड़ने लगा और इलाज व जांच के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंटर्न डॉक्टरों ने जल्द बकाया स्टाइपेंड जारी करने की मांग की।