उदयपुर, 21 अक्टूबर: मेवाड़ के पहले शौर्य चक्र विजेता शहीद मेजर मुस्तफा की चौथी पुण्यतिथि पर बुधवार को फतहसागर की पाल पर ‘रन फॉर मुस्तफा’ आयोजित की गई। पार्षद हिदायत तुल्ला के संयोजन में हुई दौड़ में नागरिकों, एनसीसी कैडेट्स, सेना के जवानों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मेजर मुस्तफा, अभिनव नागौरी और अर्चित वार्डिया अमर रहें के नारे लगाए। दौड़ के बाद श्रद्धांजलि सभा में मेजर मुस्तफा के माता-पिता और साथी कैडेट्स ने उनसे जुड़ी यादें साझा कीं। उनकी माता फातिमा बोहरा ने बताया कि इंजीनियरिंग में आकर्षक पैकेज के विकल्प के बावजूद बेटे ने सेना को चुना और 27 वर्ष की उम्र में देश के लिए बलिदान दिया। उपमहापौर दिनेश भट्ट, पूर्व जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा सहित कई लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।