पदोन्नति में देरी से प्रभावित हो रहा नर्सिंग स्टाफ का मनोबल, आंदोलन की चेतावनी
उदयपुर, 31 मई: संभाग के सबसे बड़े आरएनटी मेडिकल कॉलेज एवं उससे संबद्ध चिकित्सालयों में नर्सिंग अधीक्षकों के 22 पद लंबे समय से रिक्त पड़े होने पर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। संगठन का कहना है कि हाल ही में राज्य सरकार द्वारा जारी स्थायी नर्सिंग अधीक्षक पदोन्नति सूची जरूरत की तुलना में बेहद कम है और इससे रिक्त पदों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
रिक्त पद भरने की मांग तेज
जिलाध्यक्ष पवन कुमार दानाध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष परमार ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व में अस्पताल प्रशासन को रिक्त पदों पर कार्यवाहक नर्सिंग अधीक्षक नियुक्त करने के अधिकार दे चुकी है, इसके बावजूद पद नहीं भरे जा रहे हैं। इससे वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों को पूरे सेवाकाल में केवल एक ही पदोन्नति मिल पाती है और कई कर्मचारी बिना उचित पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
प्रशासन की उदासीनता पर सवाल
एसोसिएशन का आरोप है कि संगठन कई बार इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष उठा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि कार्यवाहक नियुक्तियों से अस्पतालों की व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ होंगी और इस पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा। नर्सेज एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं की गईं तो संगठन आमरण अनशन और आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।