अंधड़ ने थाम दी शहर की रफ्तार, रातभर बिजली संकट से जूझे लोग
उदयपुर, 31 मई: शनिवार रात आए तेज अंधड़ और बारिश ने उदयपुर की रफ्तार थाम दी। शहर में कई जगह पेड़ धराशायी हो गए, बिजली आपूर्ति ठप हो गई और लोगों को जान बचाने के लिए सड़कों पर ही वाहन छोड़कर भागना पड़ा। सबसे चौंकाने वाली घटना तब हुई जब एक विशाल पेड़ अचानक बाइक और स्कूटी सवारों के सामने गिर पड़ा। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ सेकंड की देरी बड़ा हादसा साबित हो सकती थी।
सड़क पर छोड़ वाहन, पीछे भागे लोग
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें दो स्कूटी पर सवार चार लोग अचानक पेड़ गिरता देख घबरा गए और वाहन छोड़कर पीछे की ओर दौड़ पड़े। एक युवक अपनी बाइक सड़क पर ही छोड़ गया, जो पेड़ के नीचे दब गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के कारण पेड़ कुछ ही क्षणों में सड़क पर आ गिरा।
झील किनारे उड़े टेंट, टूटे कांच
अंधड़ का असर फतहसागर झील किनारे स्थित रेस्टोरेंट्स पर भी दिखाई दिया। तेज हवा से टेंट उड़ने लगे तो कर्मचारी करीब एक घंटे तक उन्हें पकड़कर खड़े रहे। इस दौरान कई कांच के बर्तन टूट गए और सामान को नुकसान पहुंचा।
रातभर गुल रही बिजली
तूफान के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ और शाखाएं बिजली लाइनों पर गिर गईं। चित्रकूटनगर, भुवाणा, प्रतापनगर और फतहपुरा सहित कई क्षेत्रों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। गर्मी और उमस के कारण लोगों, खासकर बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग ने सोमवार को भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। सुबह से शहर में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना रहा। वहीं प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।