ट्यूबवेल के चैंबर से निकले 23 रसल वाइपर, रेस्क्यू टीम भी हुई हैरान

Share

एक सांप की सूचना पर पहुंचे रेस्क्यूकर्मी, मां समेत मिला पूरा कुनबा
उदयपुर, 11 जून
: शहर के ढीकली गांव में एक ट्यूबवेल चैंबर से एक साथ 23 जहरीले रसल वाइपर सांप निकलने का मामला सामने आया है। वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर की टीम ने सभी सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
संभागीय अध्यक्ष चमन सिंह चौहान ने बताया कि एक सांप होने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। रेस्क्यू शुरू होते ही चैंबर से लगातार सांप निकलते गए। जांच में 22 बच्चे और उनकी मां सहित कुल 23 रसल वाइपर मिले।
विशेषज्ञों के अनुसार रसल वाइपर अंडे नहीं देता बल्कि सीधे बच्चों को जन्म देता है। इसका प्रजनन काल नवंबर में होता है और जून-जुलाई में बच्चे जन्म लेते हैं।
सभी सांपों को सुरक्षित पकड़कर वन क्षेत्र में छोड़ा गया। रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग या रेस्क्यू सेंटर को सूचना दें। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।