बोले, भीषण गर्मी में बार-बार ट्रिपिंग और कटौती से जनता परेशान
उदयपुर, 11 जून: शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, बार-बार विद्युत ट्रिपिंग और सुचारू विद्युत आपूर्ति नहीं होने से आमजन को हो रही परेशानियों के विरोध में गुरुवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती की जा रही है। दिन और रात दोनों समय लगातार ट्रिपिंग एवं लो-वोल्टेज की समस्या से आमजन, व्यापारी, विद्यार्थी, किसान और छोटे उद्योग-धंधे प्रभावित हो रहे हैं। इससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार, अघोषित कटौती पर रोक तथा ट्रिपिंग की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा जनता भुगत रही है। यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव हितांशी शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, उपाध्यक्ष लोकेश चौधरी, दलपत सिंह चुंडावत, सुधीर जोशी, दीपक व्यास, मोहम्मद अयूब अली कोसर सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इधर, आज शहर के पचास से अधिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित
विद्युत लाइनों के आवश्यक रखरखाव एवं तकनीकी कार्यों के चलते 12 जून को उदयपुर शहर के 50 से अधिक क्षेत्रों में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली निगम के अनुसार बोहरा गणेश, राजश्री कॉलोनी, विनायक नगर, धूलकोट, आयड़, यूनिवर्सिटी रोड, पहाड़ा, सुंदरवास, गांधीनगर, आरटीओ क्षेत्र, कालका माता रोड, पंजाबी बाग, आदर्श नगर, कुशल बाग, रूपसागर रोड तथा यूनिवर्सिटी कैंपस सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत सप्लाई प्रभावित रहेगी।