16 देशों के 34 कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने देखी ले​कसिटी की विरासत

Share

राजस्थान की विरासत और पर्यटन को वैश्विक मंच पर पहुंचाने की पहल; चित्तौड़गढ़ के बाद तीन दिन उदयपुर में रहकर प्रमुख पर्यटन स्थलों का करेंगे भ्रमण
उदयपुर, 11 अगस्त:
राजस्थान की समृद्ध धरोहर, संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए केंद्रीय विदेश मंत्रालय के पब्लिक डिप्लोमेसी डिविजन की पहल के तहत सेंट्रल अमेरिका के करीब 16 देशों के 34 कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स उदयपुर पहुंचे। एक दिन चित्तौड़गढ़ भ्रमण के बाद मंगलवार को उदयपुर पहुंचे विदेशी मेहमानों ने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा किया और अपने कैमरों में यहां की खूबसूरती को कैद किया।
करणी माता से पिछोला तक देखी उदयपुर की विरासत
इन्फ्लुएंसर्स ने सबसे पहले करणी माता मंदिर और जगदीश मंदिर का भ्रमण किया। इसके बाद पिछोला झील के गंगौर घाट पहुंचे। झील, घाट और आसपास की ऐतिहासिक विरासत ने उन्हें खासा आकर्षित किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों के फोटो और वीडियो बनाए, जिन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने देशों के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
तीन दिन उदयपुर में रहेंगे
पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि सभी कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स उदयपुर में करीब तीन दिन रहेंगे। इस दौरान उन्हें शहर के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
सोशल मीडिया से बढ़ेगी विदेशी पर्यटकों की पहुंच
इस पहल को उदयपुर के पर्यटन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विदेशी कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा यहां के महलों, झीलों, मंदिरों, संस्कृति और स्थानीय जीवन को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करने से उदयपुर की अंतरराष्ट्रीय पर्यटन ब्रांडिंग को बढ़ावा मिल सकता है। कोरोना काल के बाद विदेशी पर्यटकों की संख्या में आई कमी के बीच ऐसी पहल से विदेशी पर्यटकों की रुचि फिर बढ़ने की उम्मीद है।