20 मिनट की बारिश ने उमस से दिलाई राहत, झीलों में पानी की आस जगी
दिनभर बादलों की आवाजाही के बाद शहर के कई हिस्सों में तेज बौछारें; शाम तक बूंदाबांदी से मौसम हुआ सुहाना, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
उदयपुर, 11 अगस्त: लंबे समय से तेज धूप और उमस से परेशान उदयपुरवासियों को मंगलवार को मानसून की बारिश ने राहत दी। दोपहर में करीब 15 से 20 मिनट तक हुई तेज बारिश से शहर की सड़कें पानी से तर हो गईं। इसके बाद शाम तक रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। बारिश के साथ मौसम सुहाना हुआ तो लोगों ने भी राहत महसूस की। फतहसागर और पिछोला सहित पर्यटन स्थलों पर भी चहल-पहल बढ़ गई।
अचानक बदला मौसम, सड़कों पर बहा पानी
सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और शहर के कई इलाकों में तेज बौछारें शुरू हो गईं। कम समय में हुई बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा। हालांकि बारिश का तेज दौर ज्यादा देर नहीं चला, लेकिन इसके बाद हुई बूंदाबांदी ने मौसम को ठंडक दे दी।
वल्लभनगर-खेरवाड़ा में 2-2 एमएम बारिश
जल संसाधन विभाग के कंट्रोल रूम के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में वल्लभनगर और खेरवाड़ा में 2-2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चित्तौड़गढ़ में ओरेंज अलर्ट और उदयपुर सहित संभाग के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झीलों में आवक की उम्मीद
मानसून की सक्रियता बढ़ने के पूर्वानुमान से उदयपुर की झीलों में पानी की आवक की उम्मीद फिर जगी है। शहरवासियों की नजर अब आने वाले दिनों में होने वाली बारिश पर है, ताकि पिछोला, फतहसागर सहित जलाशयों का जलस्तर बढ़ सके।