उदयपुर में जून से दौड़ेंगी 50 ई-बसें

Share

ट्रैफिक, महंगे ईंधन और प्रदूषण से राहत; शहर में सार्वजनिक परिवहन का नया दौर शुरू
उदयपुर, 19 मई
: झीलों की नगरी उदयपुर अब आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाने जा रही है। बढ़ते ट्रैफिक, महंगे पेट्रोल-डीजल और प्रदूषण की समस्या के बीच शहरवासियों को अगले माह से राहत मिलने वाली है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत जून से उदयपुर की सड़कों पर 50 नई इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी।
धोल की पाटी स्थित करीब 9 करोड़ रुपए की लागत से तैयार आधुनिक ई-बस डिपो का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। चार्जिंग स्टेशन, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और तकनीकी कार्य भी पूर्ण हो चुके हैं। अब अंतिम कनेक्शन कार्य के बाद डिपो सिटी ट्रांसपोर्ट को सौंपा जाएगा।
पहले चरण में 10 रूटों पर बसों का संचालन शुरू होगा, जिनमें पांच नए मार्ग शामिल हैं। बाद में जरूरत के अनुसार इसे 15 रूट तक बढ़ाया जाएगा। 45 बसें 9 मीटर लंबाई की होंगी, जो शहर की संकरी और अंदरूनी सड़कों पर चलेंगी, जबकि 5 बड़ी बसें मुख्य मार्गों पर संचालित की जाएंगी।
नई ई-बसों से लोगों को कम किराए में सुविधाजनक सफर मिलेगा। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता घटने से ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या में भी राहत मिलने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से ध्वनि और वायु प्रदूषण में कमी आएगी, जिससे पर्यटन नगरी के पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। नगर निगम आयुक्त एवं सिटी ट्रांसपोर्ट अध्यक्ष अभिषेक खन्ना ने बताया कि जून से बस संचालन शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई है।