गोगुंदा-सायरा के चार सरपंचों सहित कई ग्रामीणों ने थामा भाजपा का दामन
उदयपुर, 12 मई: उदयपुर जिले की गोगुंदा विधानसभा में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए चार सरपंचों सहित 51 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम भाजपा की चौपाल ग्राम रथ योजना के तहत रावलिया कला स्थित ऋषि राय धाम में आयोजित हुआ।
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के गोगुंदा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जेसीबी से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सायरा और गोगुंदा क्षेत्र के कई कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधि भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा में शामिल होने वालों में सायरा सरपंच संघ अध्यक्ष वालाराम गमेती, सायरा सरपंच सुरमा राम गरासिया, करदा सरपंच टमु बाई और सीमांद सरपंच व वार्ड पंच वना राम गमेती प्रमुख रहे। इसके अलावा सिंघाड़ा के फूलाराम, सेमड़ के वनाराम और सामल के प्रकाश गमेती सहित कुल 51 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली।
कार्यक्रम में जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, गोगुंदा विधायक प्रतापलाल गमेती, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर और प्रदेश मंत्री मोतीलाल मीणा सहित कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए।
उदयपुर प्रवास के दौरान प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रगुप्त सिंह चौहान के निवास भी पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन विस्तार और जनसमर्थन बढ़ने का संकेत बताया।
डॉ. जिनेन्द्र के घर शोक जताने पहुंचे राठौड़
भाजपा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा आपदा राहत विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेंद्र शास्त्री के निवास “शुद्धम्” पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय लक्ष्मीचंद जैन के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर परिजनों को ढांढस बंधाया। भाजपा मीडिया प्रभारी डॉ. सीमा चम्पावत ने बताया कि राठौड़ ने परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, विधायक फूलसिंह मीणा, जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, पुष्कर तेली सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।