कार चालक की गिरफ्तारी नहीं होने पर शव लेने से किया इनकार, मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे ग्रामीण
उदयपुर, 12 मई: उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में सड़क हादसे में मृत व्यक्ति के परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया। हादसे के आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज लोग मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए और शव लेने से इनकार कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद गिर्वा एसडीएम अवुला साइकृष्ण मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।
मामला सुखेर थाना क्षेत्र के सियालपुरा मेन रोड का है। 10 मई की रात करीब 8 बजे सियालपुरा निवासी नंदलाल राव पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था।
मृतक की बेटी हर्षिता ने बताया कि उनके पिता विद्याभवन पॉलिटेक्निक कॉलेज में बागवानी का काम करते थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिजनों का आरोप है कि हादसे के तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने मॉर्च्युरी के बाहर धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। दोपहर करीब 1:30 बजे एसडीएम मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद माहौल शांत हुआ। फिलहाल पुलिस वाहन और आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।