राजस्थान के 66.37 लाख परिवारों को आयुष्मान योजना का लाभ, केंद्र ने जारी किए 2,563 करोड़ रुपए

Share

उदयपुर, 7 अगस्त: आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत राजस्थान के 66.37 लाख परिवार प्रतिवर्ष 5 लाख रुपए तक के स्वास्थ्य बीमा कवर के पात्र हैं।
यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने लोकसभा में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के प्रश्न के उत्तर में दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत राज्य के 1.73 लाख आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के 23.55 लाख वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हैं। 31 जुलाई 2026 तक योजना के लिए केंद्र सरकार राजस्थान को अपने हिस्से के रूप में 2,563.15 करोड़ रुपए जारी कर चुकी है। योजना की लागत केंद्र और राज्य सरकार के बीच 60:40 के अनुपात में साझा की जाती है, जबकि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना का संचालन राज्य सरकार अपने बजट से करती है।