बांसवाड़ा, 7 अगस्त: गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय में आयोजित ‘नशा मुक्त वागड़, स्वस्थ युवा-सशक्त जनजाति एवं विकसित भारत’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि पड़ोसी देश भारत के युवाओं को कमजोर करने की मंशा से ड्रग्स भेज रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ नहीं, बल्कि देश की युवा शक्ति को खोखला करना है।
उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने और शिक्षा, नैतिकता व बौद्धिक विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने टीबी मुक्त भारत अभियान में भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समाज को मरीजों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी गोविंद गुरु के योगदान को याद करते हुए जनजाति समाज के युवाओं से शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में गोविंद गुरु के प्रपौत्रों का सम्मान किया गया। कुलपति प्रो. केशव सिंह ठाकुर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर 14 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 7 अगस्त: प्रतापगढ़ साइबर थाना पुलिस ने पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर 14.07 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी घनश्याम कलाल को गिरफ्तार किया है।
आरोपी डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र के सीमलवाड़ा का निवासी है, जिसे सागवाड़ा उपकारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार जनवरी 2024 में पीड़ित को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर पार्ट टाइम जॉब का संदेश भेजा गया। शुरुआत में छोटे भुगतान लौटाकर विश्वास जीता गया और बाद में टेलीग्राम के माध्यम से ‘मर्चेंट टास्क’ के नाम पर लाखों रुपए जमा करा लिए गए। एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देशन में साइबर थाना प्रभारी मदनलाल गहलोत एवं टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपी ने संगठित गिरोह के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर एमपीयूएटी में जागरूकता रैली, ‘वोकल फॉर लोकल’ का दिया संदेश
उदयपुर, 7 अगस्त: महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) के कॉलेज ऑफ कम्युनिटी एंड एप्लाइड साइंसेज़ (सीसीएएस) में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अधिष्ठाता डॉ. सरला लखावत ने किया।
उन्होंने भारतीय हथकरघा की सांस्कृतिक और आर्थिक महत्ता बताते हुए विद्यार्थियों से स्थानीय हस्तनिर्मित वस्त्र अपनाने का आह्वान किया। विभागाध्यक्ष डॉ. रूपल बाबेल ने ‘हैंडलूम फॉर हेरिटेज, हैंडलूम फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ विषय पर विचार रखे। रैली में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने जागरूकता तख्तियां लेकर प्रशासनिक भवन परिसर में भ्रमण किया तथा हथकरघा उत्पादों के उपयोग और बुनकरों के समर्थन का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
अरावली संरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट की समिति 10 अगस्त को उदयपुर में करेगी जनसुनवाई
उदयपुर, 7 अगस्त: अरावली पर्वतमाला के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन और खनन गतिविधियों के अध्ययन के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति 10 अगस्त को जिला परिषद सभागार में सार्वजनिक परामर्श आयोजित करेगी।
समिति नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, उद्योग, व्यापार, खनिज पट्टाधारकों, पर्यावरणविदों, शिक्षाविदों और स्वयंसेवी संस्थाओं से सुझाव लेगी। अरावली क्षेत्र उदयपुर संभाग के जल संरक्षण, पर्यावरण, वन संपदा और खनिज संसाधनों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। समिति का उद्देश्य क्षेत्र की चुनौतियों, स्थानीय अनुभवों और व्यावहारिक सुझावों के आधार पर भविष्य की अनुशंसाएं तैयार करना है। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से तथ्यात्मक सुझावों के साथ बैठक में भाग लेने की अपील की है।