3 अक्टूबर को राणा प्रतापनगर से रवाना होगी ट्रेन, सात दिन की यात्रा में भोजन-आवास की व्यवस्था नि:शुल्क
उदयपुर, 1 अक्टूबर: देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत जगन्नाथपुरी-कोणार्क तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन 3 अक्टूबर को उदयपुर से रवाना होगी। ट्रेन दोपहर 2.30 बजे राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इसमें उदयपुर संभाग के 780 और सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन से कोटा जिले के 100 यात्री सवार होंगे। कुल 880 यात्रियों को नि:शुल्क यात्रा कराई जाएगी।
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन कुमार गांधी ने बताया कि यात्रियों को यात्रा संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए राणा प्रतापनगर स्टेशन पर सुबह 6 बजे तथा सोगरिया स्टेशन पर दोपहर 1 बजे पहुंचना होगा। प्रत्येक कोच में यात्रियों की देखरेख के लिए दो सरकारी कर्मचारी तैनात रहेंगे। चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक चिकित्सक और दो नर्सिंग अधिकारी भी साथ रहेंगे।
यात्रियों को ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी, प्रमाणित चिकित्सकीय प्रमाण-पत्र, मूल जनआधार/आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे। दैनिक उपयोग की सामग्री, जरूरी दवाइयां, कपड़े और व्यक्तिगत सामान भी साथ रखना होगा। सात दिन तक भोजन और आवास की व्यवस्था देवस्थान विभाग करेगा।