सुखाड़िया यूनिवर्सिटी से एकलिंगजी मंदिर पहुंचे छात्रनेता; सावन सोमवार पर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना
उदयपुर, 10 अगस्त: राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने और राजस्थानी भाषा को संवैधानिक मान्यता देने की मांग को लेकर उदयपुर में छात्र नेताओं ने सोमवार को अनूठा प्रदर्शन किया। सावन सोमवार के अवसर पर एनएसयूआई पदाधिकारियों और छात्र कार्यकर्ताओं ने मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से श्री एकलिंगजी मंदिर तक 22 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली। छात्र नेताओं ने मंदिर में भगवान एकलिंगनाथ के दर्शन कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।
वरिष्ठ नेताओं ने दिखाई हरी झंडी
पदयात्रा को इंटक प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष यशवंत चौधरी और प्रदेश महासचिव महिपाल सिंह कुराबड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में एनएसयूआई प्रदेश महासचिव विक्रम भादू, युवा कांग्रेस के हिदांशु जैन, सूर्यपाल सिंह देवड़ा और छात्रनेता कल्पेश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
22 किलोमीटर तक गूंजे नारे
यात्रा भुवाणा, सुखेर और कैलाशपुरी होते हुए एकलिंगजी मंदिर पहुंची। छात्र हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर छात्रसंघ चुनाव बहाली और राजस्थानी भाषा की संवैधानिक मान्यता के समर्थन में नारे लगाते रहे। छात्र नेताओं ने कहा कि छात्रसंघ विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक आवाज और समस्याएं उठाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं राजस्थानी भाषा प्रदेश की संस्कृति और पहचान से जुड़ी है। कैलाशपुरी पहुंचकर छात्र नेताओं ने मंदिर में जलाभिषेक किया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो संभाग मुख्यालयों से जयपुर तक आंदोलन किया जाएगा।