उदयपुर में जमीन-मकान खरीदना हुआ महंगा

Share

DLC दरों में 49% तक बढ़ोतरी, पेराफेरी और तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में सबसे ज्यादा असर
उदयपुर, 10 अगस्त:
उदयपुर में जमीन और मकान खरीदने वालों पर अब रजिस्ट्री का अतिरिक्त भार पड़ेगा। सरकार की ओर से डीएलसी (जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति) दरों में 5 से लेकर 49 प्रतिशत तक बढ़ोतरी किए जाने के बाद नई दरों के आधार पर रजिस्ट्री शुरू हो गई है। सबसे ज्यादा असर शहर से सटे पेराफेरी क्षेत्रों और तेजी से विकसित हो रहे नए शहरी इलाकों पर पड़ा है।
पेराफेरी गांवों में 40 से 49% तक बढ़ोतरी
जिन क्षेत्रों में पहले डीएलसी दरें बाजार मूल्य की तुलना में काफी कम थीं, वहां विसंगति दूर करने के लिए दरों में भारी इजाफा किया गया है। सरे, मुणवास, नागदा, रेबारियों का गुड़ा, सुखेर और वाड़ा सहित कई पेराफेरी क्षेत्रों में 40 से 49 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है।
नए विस्तार और कॉरिडोर भी प्रभावित
यूडीए के नए पेराफेरी क्षेत्र और कमर्शियल कॉरिडोर में भी डीएलसी दरें बढ़ी हैं। डबोक एयरपोर्ट रोड, बलीचा, तीतरड़ी, प्रतापनगर, कविता, मदार, ईसवाल, अंबावगढ़ विस्तार, सीसारमा, कोड़ियात, सेठजी की कुंडाल, देबारी और उमरड़ा में करीब 25 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।
प्रमुख बाजारों में 15 से 30% वृद्धि
शोभागपुरा, भुवाणा मुख्य मार्ग, 100 फीट रोड, सुखेर, न्यू नवरत्न, पंचवटी, फतहपुरा, हिरणमगरी सेक्टर 3 से 14, सवीना मेन रोड और गोवर्धन विलास जैसे प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में 15 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं वॉल सिटी के 17 वार्डों में आवासीय और व्यावसायिक दरें यथावत रखी गई हैं। शेष 53 वार्डों में आवासीय दरें नहीं बढ़ाई गई हैं, जबकि व्यावसायिक संपत्तियों की दरों में कुछ वृद्धि की गई है।