300 साल पुरानी परंपरा निभी, चारभुजा नाथ को लगा 11 क्विंटल चूरमे का महाभोग

Share

अच्छी बारिश और जनकल्याण की कामना के साथ मेनारिया समाज की महाप्रसादी, 6 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
उदयपुर, 5 जुलाई:
पानेरियों की मादड़ी स्थित होली चौक नोहरे में मेनारिया समाज ने करीब 300 वर्ष पुरानी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए भगवान श्री चारभुजा नाथजी की सामूहिक महाप्रसादी का आयोजन किया। मेवाड़ में अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ भगवान को 11 क्विंटल चूरमा, दाल और चावल का महाभोग अर्पित किया गया। आयोजन में समाज के लगभग 700 परिवारों के 6 हजार से अधिक महिला, पुरुष और बच्चों ने प्रसादी ग्रहण की।
महाप्रसादी के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर इंद्रदेव से समय पर वर्षा की प्रार्थना की। ग्राम सभा अध्यक्ष बंशीलाल मेनारिया ने बताया कि रियासतकाल से खेती-बाड़ी से जुड़े समाज ने अल्प वर्षा के समय भगवान चारभुजा नाथ की महाप्रसादी की परंपरा शुरू की थी, जिसे आज भी पूरी आस्था के साथ निभाया जा रहा है। समाज की विशेष परंपरा के तहत सामूहिक प्रसादी में सबसे पहले महिलाओं को भोजन कराया जाता है। आयोजन की व्यवस्थाओं में समाज के युवाओं ने श्रमदान किया, जबकि ग्राम सभा के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लेकर परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।