फोरलेन हाईवे बंद, 5 दमकलों ने 2 घंटे में पाया काबू
राजसमंद, 5 मई: जिले के छापली घाट में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई। हादसा करीब दोपहर 1:45 बजे हुआ, जब टैंकर उदयपुर से अजमेर की ओर जा रहा था। पलटते ही टैंकर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फोरलेन हाईवे पर तत्काल ट्रैफिक रोक दिया गया और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। सूचना मिलते ही दिवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना के बाद आमेट, राजसमंद और देवगढ़ से 5 फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल टैंकर से आग पूरी तरह बुझा दी गई है, लेकिन चालक और खलासी की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।