लाइफ जैकेट नहीं, 8 लोग तैरकर बचे; SDRF-सिविल डिफेंस की तलाश जारी
बांसवाड़ा, 5 मई: जिले में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब माही नदी में सवारियों से भरी नाव पलट गई। हादसा अरथूना थाना क्षेत्र के भैंसाउ गांव के पास हुआ, जहां 10 लोगों से भरी नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में 8 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 8 वर्षीय बच्चे मानव और 21 वर्षीय युवक जयेश लापता हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोर नदी में लगातार दोनों की तलाश कर रहे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग संगमेश्वर महादेव मंदिर दर्शन के बाद बोटिंग करने निकले थे। नाव करीब 200 मीटर अंदर पहुंचते ही पलट गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और किसी को भी लाइफ जैकेट नहीं दी गई थी। हादसे के बाद नाविक मौके से फरार हो गया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जा रहा है।