भव्य आरती के साथ गौसेवा का आयोजन, श्रद्धालुओं ने लिया नियमित सेवा का संकल्प
उदयपुर, 11 जून: वात्सल्य सेवा समिति मेवाड़, उदयपुर के तत्वावधान में परम एकादशी के पावन अवसर पर फतेहसागर स्थित श्री महाकाल मंदिर में भव्य आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से आरती में सहभागिता करते हुए समाज, राष्ट्र और विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंतर्गत गौसेवा भी की गई, जिसमें समिति के सदस्य गौशाला पहुंचे और गायों को चारा एवं गुड़ खिलाया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौमाता की सेवा को सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए नियमित रूप से गौसेवा करने का संकल्प लिया।
समिति के प्रचार प्रमुख राजेश अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर समिति के सक्रिय सदस्य गोपाल कनेरिया ने परम एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह तिथि भगवान विष्णु को समर्पित अत्यंत पुण्यदायी पर्व है। एकादशी का व्रत व्यक्ति को आत्मशुद्धि, सेवा भावना, संयम और ईश्वर भक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि उपवास, जप, ध्यान और सेवा कार्यों के माध्यम से व्यक्ति आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त कर सकता है।
समिति के अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आगामी 1 से 7 सितंबर 2026 तक जगन्नाथ धाम पुरी में आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कथा का वाचन वात्सल्य मूर्ति परम पूज्य दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा जी के मुखारविंद से होगा और अधिकाधिक श्रद्धालुओं से इसमें भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिन सदस्यों का जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ थी उनका सम्मान भी किया गया। अंत में भगवान श्रीहरि के जयघोष और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।