गाजे-बाजे और चतुर्विध संघ के साथ हुआ भव्य स्वागत, पद्मावती महापूजन का आयोजन
उदयपुर, 11 जून: तपागच्छ की उद्गम स्थली झीलों की नगरी उदयपुर में तपा गच्छाधिपति प्रवर समिति कार्यवाहक एवं महामांगलिक प्रदाता गच्छाधिपति आचार्य विजय अभयदेव सूरीश्वर महाराज (डहेला वाला), आचार्य विजय मोक्षरत्न सूरीश्वर महाराज तथा गणिवर्य देवर्षिरत्न विजय महाराज सहित श्रमण-श्रमणी भगवंतों का गाजे-बाजे और चतुर्विध संघ के साथ भव्य मंगल प्रवेश हुआ।
कोषाध्यक्ष राजेश जावरिया ने बताया कि यूआईटी सर्कल पर श्रीसंघ अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र हिरन, उपाध्यक्ष ताराचंद पोरवाल, कुशल मेहता, सारिका ललित मेहता, डॉ. प्रीतु चेलावत, साधना बाबेल सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने गुरु भगवंत का अक्षत से वंदन कर स्वागत किया।
इसके बाद सारिका ललित मेहता के निवास स्थान पर मंगल कलश एवं अक्षत गहुली के साथ आचार्य भगवंत का मंगल प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर आचार्य भगवंत ने मंगलकारी मांगलिक प्रदान करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
तत्पश्चात आचार्य भगवंत की निश्रा में माता पद्मावती महापूजन का आयोजन हुआ, जिसे शिवगंज के विधिकारक विरल भाई ने सम्पन्न कराया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।