1 से 4 सितंबर तक अस्पतालों और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण; रिपोर्ट भारत सरकार को सौंपी जाएगी
उदयपुर, 31 अगस्त: उदयपुर में मलेरिया के बढ़ते मामलों के कारणों की समीक्षा के लिए भारत सरकार का निरीक्षक दल 1 सितंबर से चार दिवसीय उदयपुर दौरे पर रहेगा। टीम जिले में मलेरिया की स्थिति, रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा कर भारत सरकार को रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि केंद्रीय दल में डॉ. अक्षय धारिवाल, डॉ. हिम्मत सिंह, डॉ. अमरजीत कौर और डॉ. पल्लिका शामिल हैं। राज्य सरकार की ओर से उपनिदेशक मलेरिया डॉ. निर्मला शर्मा भी दल के साथ रहेंगी।
अस्पतालों और ग्रामीण क्षेत्रों का होगा निरीक्षण
सीएमएचओ द्वितीय डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि टीम 1 सितंबर को राजकीय सुंदर सिंह भंडारी चिकित्सालय, चांदपोल का निरीक्षण करेगी। 2 सितंबर को पीएचसी बरवाड़ा और सब सेंटर भानपुरा का जायजा लिया जाएगा। टीम भानपुरा के एक गांव में पहुंचकर जमीनी स्तर पर मलेरिया की स्थिति और नियंत्रण गतिविधियों को भी देखेगी।
3 सितंबर को रविंद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद टीम जीबीएच अमेरिकन अस्पताल भी जाएगी। निरीक्षण के दौरान मलेरिया रोगियों की स्थिति, जांच, उपचार तथा रोकथाम संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
4 सितंबर को केंद्र को सौंपेंगे रिपोर्ट
निरीक्षण के बाद 4 सितंबर को केंद्रीय दल रिपोर्ट तैयार कर भारत सरकार के समक्ष वर्चुअल बैठक में प्रस्तुत करेगा। दल के साथ डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. हितेश प्रताप सिंह तथा आईडीएसपी की टीम भी मौजूद रहेगी।