80 प्रत्याशियों के साथ भाजपा ने ठोकी ताल, सातवां बोर्ड बनाने का संकल्प

Share

नामांकन के अंतिम दिन नगर निगम से कलेक्ट्री तक निकली रैली, दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन
उदयपुर, 31 अगस्त:
नगर निगम चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी ने 80 प्रत्याशियों के साथ चुनावी मैदान में उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया। नगर निगम प्रांगण से कलेक्ट्री तक निकली नामांकन रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, प्रत्याशी, महिला-युवा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पार्टी के झंडों और नारों से शहर का चुनावी माहौल गरमा गया। भाजपा ने इस चुनाव में लगातार सातवां भाजपा बोर्ड बनाने का लक्ष्य रखा है।
विकास और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ने का दावा
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि पार्टी ने सभी 80 वार्डों में प्रत्याशी उतारकर प्रत्येक वार्ड में मजबूती से चुनाव लड़ने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी उदयपुर के विकास, सुशासन, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा शहर में हुए विकास कार्यों को भी चुनावी अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।
भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों से वाहन रैली के रूप में नगर निगम पहुंचे और वहां से सामूहिक रूप से कलेक्ट्री की ओर रवाना हुए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह पार्टी के मजबूत संगठन को दर्शाता है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन
रैली में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, चुनाव प्रभारी कनकमल कटारा, जिला प्रभारी हरीश पाटीदार, सह प्रभारी महेश शर्मा, रविंद्र श्रीमाली, प्रमोद सामर, पारस सिंघवी, पंकज बोराना, अतुल चंडालिया, दिनेश भट्ट, आकाश वागरेचा, रजनी डांगी, किरण जैन, पिंकी मांडावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करते हुए घर-घर जनसंपर्क और जनसंवाद किया जाएगा। भाजपा ने नगर निगम को पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाने का दावा करते हुए जनता से समर्थन मांगा है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा ने सभी 80 प्रत्याशियों की औपचारिक सूची भी जारी कर दी।