निगम चुनाव के बीच कटारिया के स्वागत में उमड़ा भाजपा का हुजूम

Share

पंजाब के राज्यपाल अपने गृह नगर उदयपुर पहुंचे; शहर-देहात के सैकड़ों नेता-कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर जुटे, चुनावी सक्रियता के बीच दिखी एकजुटता
उदयपुर, 25 अगस्त:
नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच पंजाब के राज्यपाल एवं उदयपुर के पूर्व सांसद गुलाबचंद कटारिया मंगलवार को पांच दिवसीय प्रवास पर अपने गृह नगर पहुंचे। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर भाजपा के शहर और देहात संगठन से जुड़े सैकड़ों नेता-कार्यकर्ता जुटे। निगम चुनाव को लेकर टिकट और वार्ड स्तर पर चल रही राजनीतिक सक्रियता के बीच बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं की मौजूदगी को चुनावी दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नारेबाजी के बीच कटारिया दंपती का स्वागत
टर्मिनल से बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के नारों के साथ कटारिया दंपती का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में स्वागत करने की होड़ नजर आई। इससे पहले प्रशासन की ओर से राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
शहर से लेकर देहात तक के नेता पहुंचे
भाजपा संभाग मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल के अनुसार स्वागत के लिए शहर विधायक ताराचंद जैन, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवींद्र श्रीमाली, चंद्रगुप्त सिंह चौहान, विशेष आमंत्रित सदस्य अतुल चंडालिया, पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, डेयरी चेयरमैन डालचंद डांगी सहित बड़ी संख्या में नेता पहुंचे।
पूर्व चेयरमैन डॉ. गीता पटेल, रामकृपा शर्मा, तख्तसिंह शक्तावत, महेंद्र सिंह शेखावत, किरण जैन, किरण तातेड, राजकुमार चित्तौड़ा, नरेंद्र सिंह असालिया, शैलेंद्र चौहान, गजेंद्र भंडारी, छोगालाल भोई, सुभाषिनी शर्मा सहित मंडल और संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
निगम चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज
कटारिया के स्वागत में शहर और देहात भाजपा के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी ऐसे समय हुई है, जब नगर निगम चुनाव को लेकर टिकट वितरण की तैयारियां चल रही हैं। वार्डों में दावेदार सक्रिय हैं और संगठन स्तर पर रायशुमारी का दौर जारी है। ऐसे में कटारिया के गृह नगर आगमन और उनके स्वागत में जुटे भाजपा नेताओं की संख्या ने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है।