लॉटरी के बाद बदला चुनावी गणित; कई नेताओं ने पत्नी, रिश्तेदार और पुत्रवधुओं की दावेदारी कराई तेज
उदयपुर, 25 अगस्त: नगर निगम चुनाव में महिला आरक्षण की लॉटरी के बाद भाजपा-कांग्रेस में टिकट को लेकर समीकरण बदल गए हैं। जिन नेताओं की खुद चुनाव लड़ने की तैयारी थी, उन्होंने अब पत्नी, रिश्तेदार या परिवार की महिलाओं के नाम आगे कर दिए हैं। दोनों दलों में कई वार्डों में दावेदारों की संख्या बढ़ गई है।
कांग्रेस में इन नामों पर चर्चा
कांग्रेस में वार्ड 17 से शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ की पत्नी डॉ. पूनम, वार्ड 16 से भूपेंद्र धाबाई की पत्नी की दावेदारी चर्चा में है। वार्ड 31 में पूर्व पार्षद राशिद खान की पत्नी आबिदा खान, मंडल अध्यक्ष मुस्तफा शेख की पत्नी हीना कौसर बानो पठान और फारुख कुरैशी की पत्नी रुबीना फारुख के नाम सामने आए हैं। वार्ड 57 में मांगीलाल गुर्जर की पत्नी प्रेम देवी गुर्जर, वार्ड 35 में हर्षा चौबीसा व शालिनी पाराशर, वार्ड 36 में करण सिंह की पत्नी ज्योति शर्मा और वार्ड 40 में राजू भोजक की पत्नी दावेदार बताई जा रही हैं। वार्ड 8 में मोहसिन खान परिवार से टिकट की कोशिश में हैं।
भाजपा में भी बढ़ी दावेदारी
भाजपा में वार्ड 4 में अजेश सेठी, सुधीर कुमावत और चेतन श्रीमाली परिवार की महिला के लिए टिकट मांग रहे हैं। वार्ड 76 में मंडल अध्यक्ष मुकेश जोशी पत्नी कविता जोशी के लिए प्रयासरत हैं। वार्ड 52 में अशोक आमेटा की पत्नी चंद्रप्रभा आमेटा के साथ रेखा कोठारी व तुलसी मेहता दावेदार हैं। वार्ड 60 में बलवीर सिंह राणावत, समुद्र सिंह और वदन सिंह राठौड़ परिवार की महिलाओं के लिए सक्रिय हैं। वार्ड 68-69 में छोगालाल भोई की पत्नी हंसा माली का नाम चर्चा में है। वार्ड 73 में यशवंत पालीवाल, निखिल रांका और जितेंद्र बाबेल की पत्नियों की दावेदारी बताई जा रही है।