50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, 23 अगस्त सुबह से यातायात डायवर्जन; पुलिस ने जारी किया रूट प्लान
बांसवाड़ा, 22 अगस्त: बेणेश्वर धाम से मदारेश्वर महादेव मंदिर तक निकलने वाली दो दिवसीय कांवड़ यात्रा में इस बार आस्था का बड़ा सैलाब उमड़ने की संभावना है। यात्रा 23 और 24 अगस्त को होगी। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के अनुसार यात्रा में 50 हजार से अधिक महिला, पुरुष और बच्चों के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु रविवार सुबह से बेणेश्वर पहुंचकर कांवड़ लेकर मदारेश्वर महादेव के लिए रवाना होंगे। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं।
उदयपुर-डूंगरपुर मार्ग पर रहेगा डायवर्जन
23 अगस्त सुबह 10 बजे से 24 अगस्त दोपहर तक बांसवाड़ा के प्रताप सर्किल से पालोदा तक उदयपुर की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वैकल्पिक मार्ग प्रताप सर्किल-लिंक रोड-कुपड़ा डायमंड सर्किल-तलवाड़ा-वजवाना-भीमसोर खेड़ा-अगरपुरा-पालोदा होकर साबला-आसपुर-सलूंबर-उदयपुर रहेगा।
बांसवाड़ा आने वालों के लिए अलग रूट
उदयपुर से बांसवाड़ा आने वाले वाहन पालोदा-खोड़न-अगरपुरा-भीमसीर-वजवाना-तलवाड़ा-कुपड़ा-लोढ़ा-लिंक रोड होकर शहर पहुंचेंगे। गनोड़ा से मोटागांव-लाम्पापाड़ा होते हुए बेणेश्वर मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
शहर में वन-वे व्यवस्था
नए बस स्टैंड से जीपीओ सर्किल, मोहन कॉलोनी और हेमू चौराहा होते हुए प्रताप सर्किल तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।