22 को भजन संध्या, 25 को भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकलेगी
उदयपुर, 12 सितंबर: गणेश महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सुधारवाड़ा क्षेत्र में इस बार गणेश महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए मुंबई से 12 फीट ऊंची और करीब 1100 किलो वजनी गणेश प्रतिमा मंगवाई गई है। प्रतिमा को गाजे-बाजे और बैंड के साथ सुधारवाड़ा लाकर करीब 40 फीट ऊंचे पंडाल में क्रेन की सहायता से स्थापित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार पंडाल को अंतरिक्ष थीम पर सजाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। बारिश को देखते हुए पंडाल को वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है। हर तीसरे दिन पंडाल की सजावट को नया रूप दिया जाएगा। आयोजक लक्ष्मीलाल ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 22 सितंबर को प्रसिद्ध गायिका मधुबाला राव की भजन संध्या आयोजित होगी। 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा को विशेष रूप से तैयार रथ में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालु रथ को स्वयं हाथों से खींचकर विसर्जन स्थल तक ले जाएंगे। शोभायात्रा में बैंड-बाजे और धार्मिक जयकारों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।