कैलाशपुरी के पास कार को टक्कर मारकर किया था अपहरण, बाद में हत्या; उदयपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा और डूंगरपुर में दबिश
उदयपुर, 8 अगस्त: सुखेर थाना पुलिस ने हिम्मत सिंह अपहरण एवं हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे अंतिम आरोपी गोविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार/निरुद्ध कर लिया है। इनमें एक महिला और विधि से संघर्षरत किशोर भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 की शाम करीब 7:30 बजे हिम्मत सिंह सोलंकी अपनी कार से कैलाशपुरी के पास एक महिला से मिलने गए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे 8-10 लोगों ने बिना नंबर की सफेद पिकअप से उनकी कार को टक्कर मारी। आरोपियों ने कार में तोड़फोड़ करने के बाद हिम्मत सिंह पर पत्थरों और लाठियों से हमला किया और जबरन अपने साथ ले गए। बाद में उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का एक महिला से करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर महिला के पति, ससुर और भाई से हिम्मत सिंह की रंजिश थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर उदयपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा और डूंगरपुर में सैकड़ों स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। अंतिम आरोपी गोविंद कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।