उदयपुर, 22 जून: उदयपुर-झाड़ोल मार्ग पर फलासिया थाना क्षेत्र के घोड़ीमारी के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक एक जीप चालक को उसके घर छोड़ने के लिए बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-58ई पर बाइक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा देर रात हुआ, जिसके बाद तीनों युवक सड़क किनारे गिर गए। सुनसान क्षेत्र होने के कारण रातभर किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों घायल पूरी रात खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़े तड़पते रहे।
सुबह करीब छह बजे राहगीरों ने घायलों को देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उदयपुर रेफर किया गया।
फलासिया थाना के एएसआई चंदूलाल ने बताया कि मृतक के शव को झाड़ोल उपजिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई या बाइक का संतुलन बिगड़ने से, इसकी जांच की जा रही है।