टॉयलेट को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

Share

तलवार से गर्दन काटने के बाद जंगल में छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; गिरफ्तारी के बाद हाथ जोड़कर मांगी माफी
उदयपुर, 24 जुलाई:
गोगुंदा थाना क्षेत्र में घर के बाहर टॉयलेट करने की बात पर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी हिस्ट्रीशीटर देवीलाल उर्फ राजा बाबू की तलवार से गर्दन काटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ओमप्रकाश खटीक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार आरोपी को पुलिस ने वणी के जंगलों में घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार वारदात बुधवार रात करीब 10 बजे गोगुंदा के खटीक मोहल्ले में हुई। घर के बाहर बनी नाली में टॉयलेट करने की बात को लेकर दोनों पड़ोसियों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ओमप्रकाश खटीक ने धारदार तलवार से देवीलाल की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से देवीलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम को बुलाया, जिसने खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।