अर्बन स्क्वायर में सजेगा ‘आदि बाजार’, जनजातीय संस्कृति से रूबरू होंगे शहरवासी

Share

26 अप्रैल तक चलेगा आयोजन, हस्तशिल्प के साथ लोकनृत्य होंगे आकर्षण का केंद्र
उदयपुर, 18 अप्रैल:
जनजातीय कला, हस्तशिल्प और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्राइफेड द्वारा उदयपुर के अर्बन स्क्वायर मॉल में 26 अप्रैल तक ‘आदि बाजार’ का आयोजन किया जाएगा। भूमिका ग्रुप के सहयोग से आयोजित यह मेला प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा, जिसमें देशभर के जनजातीय कलाकार अपनी पारंपरिक कला और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। मेले में ट्राइबल ज्वेलरी, मांडना पेंटिंग, हैंडवूवन वस्त्र, कांथा-शिबोरी आर्ट, हैंडीक्राफ्ट और एम्ब्रॉयडरी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन शाम को देवारिया, भवई, कालबेलिया, तेरह ताली और गोरबंद जैसे पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जो दर्शकों को जनजातीय संस्कृति की विविधता से परिचित कराएंगे। ट्राइफेड के प्रतिनिधि राहुल कुमार ने बताया कि ‘आदि बाजार’ जनजातीय कारीगरों को सीधे ग्राहकों से जोड़कर उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की पहल है। भूमिका एंटरप्राइजेज की सीईओ नंदिनी तनेजा ने कहा कि यह आयोजन शहरवासियों को देश की समृद्ध जनजातीय विरासत को करीब से जानने और कलाकारों को प्रोत्साहन देने का अवसर देगा।