सुबह 10 बजे तक ही एंट्री, सख्त ड्रेस कोड लागू
उदयपुर, 14 अप्रैल: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर जिले में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 18 अप्रैल को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए चित्तौड़गढ़ शहर में 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2335 अभ्यर्थी भाग लेंगे। सभी केंद्र शहर क्षेत्र में होने से अभ्यर्थियों को सुविधा रहेगी, वहीं प्रशासन ने निष्पक्ष परीक्षा के लिए सुरक्षा और स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था की है।
प्रमुख स्कूलों में बनाए गए केंद्र
परीक्षा के लिए सेंती सीनियर सेकेंडरी, मेजर नटवर सिंह, सिटी गर्ल्स, पुरुषार्थी और महात्मा गांधी स्कूल सहित पांच सरकारी विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। वहीं, मेवाड़ गर्ल्स कॉलेज और जैन गुरुकुल स्कूल भी परीक्षा केंद्र रहेंगे।
एक पारी में परीक्षा, समय का रखें ध्यान
परीक्षा सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक एक ही पारी में होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से प्रवेश मिलेगा, जबकि 10 बजे के बाद एंट्री बंद कर दी जाएगी।
ड्रेस कोड का सख्ती से पालन
अभ्यर्थियों के लिए जींस, फुल स्लीव कपड़े, ज्वेलरी और धातु की वस्तुएं प्रतिबंधित रहेंगी। केंद्रों पर कड़ी जांच की जाएगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।