एनएच-48 पर हंगामा, पुलिस ने हटाया जाम; आरटीओ ने आरोपों को बताया निराधार
उदयपुर, 18 जून: उदयपुर में आरटीओ अधिकारियों पर कथित अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए ट्रक और अन्य वाहन चालकों ने गुरुवार को नेशनल हाईवे-48 पर जमकर हंगामा किया। टोल नाके से काया के बीच करीब 40 मिनट तक जाम लगने से यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने आरटीओ इंस्पेक्टर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।
ड्राइवरों का आरोप था कि हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को रोककर 50 से 100 रुपए तक की वसूली की जा रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सड़क पर लंबा जाम लग जाता है। हंगामे के दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर चंचल माथुर अपनी गाड़ी में मौजूद रहे।
दो थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना पर गोवर्धन विलास और सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों को हटाकर यातायात सुचारू कराया। जाम खुलने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
आरटीओ ने आरोपों को किया खारिज
उदयपुर आरटीओ ज्ञानदेव विश्वकर्मा ने वसूली के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि कार्रवाई से बचने के लिए कुछ वाहन चालक अनावश्यक हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की शिकायत है तो उसकी जांच कराई जाएगी। आरटीओ विभाग की ओर से गोवर्धन विलास थाने में राजकार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है। विभाग ने पुलिस को घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सौंपे हैं, जिनके आधार पर हंगामा करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।