आईसीएआई ने जारी किया मई 2026 परीक्षा परिणाम, 29 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप किए क्लियर
उदयपुर, 18 जून: द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा मई 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित किया गया। परिणाम में उदयपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए। आईसीएआई उदयपुर शाखा अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने बताया कि परीक्षा में शामिल 405 विद्यार्थियों में से 79 सफल रहे, जबकि 29 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप एक साथ उत्तीर्ण किए।
पहले प्रयास में सन्तव्य ने हासिल की शीर्ष रैंक
उदयपुर के सन्तव्य व्यास ने 390 अंक प्राप्त कर शहर में प्रथम स्थान हासिल किया। सन्तव्य ने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में प्राप्त की है। उनके पिता गगन व्यास साड़ी एवं लहंगा व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि माता डॉ. हेमलता आमेटा सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। शिशु निकेतन (सीडलिंग) स्कूल से शिक्षा प्राप्त करने वाले सन्तव्य ने 10वीं में 90 प्रतिशत और 12वीं में 96.04 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।
मनन दूसरे, प्रणव तीसरे स्थान पर
सीए फाइनल परीक्षा में मनन देवपुरा दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने भी पहले प्रयास में सफलता हासिल की और अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के सहयोग तथा नियमित ऑनलाइन अध्ययन को दिया। वहीं प्रणव बनोड़िया तीसरे, कनिष्क अग्रवाल चौथे और आयुषी जोशी पांचवें स्थान पर रहे।