1 लाख रुपए नहीं देने पर फंसाने की धमकी, पहले भी विवादों में रह चुका है आरोपी
उदयपुर, 17 मई: उदयपुर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने प्रतापनगर थाने में तैनात एएसआई सुनील बिश्नोई को रविवार शाम 4:30 बजे एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी एएसआई पर रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के मामले में मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही थी।
ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग में ट्रैप
एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता ने मामले की सूचना ब्यूरो को दी थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता ने शोभागपुरा स्थित ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग में एएसआई सुनील बिश्नोई को एक लाख रुपए देने के लिए बुलाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया।
मुकदमा दर्ज नहीं करने के बदले मांगी घूस
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार ने बताया कि एक महिला ने रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के आरोप में थाने में लिखित शिकायत दी थी। लेकिन मुकदमा दर्ज करने के बजाय मामले को शिकायत में रख लिया गया। आरोप है कि एएसआई ने केस दर्ज नहीं करने के बदले रिश्वत मांगी थी।
पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप
सुनील बिश्नोई पहले सुखेर थाने में तैनात था। सितंबर 2025 में आरडीएक्स क्लब एंड बार में ग्राहकों से मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगे थे। तब एसपी ने उसे हटाकर डीएसपी ऑफिस वेस्ट में अटैच किया था। बाद में विभागीय जांच भी शुरू की गई। अक्टूबर 2025 में एक अन्य मामले में लापरवाही सामने आने पर उसे लाइन हाजिर भी किया गया था।