डूंगरपुर, 23 मार्च: डूंगरपुर जिले के ओबरी थाना क्षेत्र स्थित लोडेश्वर बांध पर बीती रात 10-15 बदमाशों ने मछली ठेकेदार के कर्मचारियों पर हमला कर मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश पावर बाइकों पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
मछली ठेकेदार तौसीफ पुत्र मियामद हुसैन की रिपोर्ट के अनुसार हमलावर करीब 90 किलो मछली लूटकर ले गए, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, टॉर्च सहित अन्य सामान भी साथ ले गए। बदमाशों ने मौके पर खड़ी स्कूटी व बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने चार नामजद सहित अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। ओबरी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।