विरोध करने पर धक्का देकर गिराया, कॉलोनी के गेट बंद होने पर फंसे बदमाश बाइक समेत सीढ़ियों से भागे0
उदयपुर, 11 जुलाई: शहर में चेन स्नेचिंग की बढ़ती घटनाओं के बीच शनिवार सुबह मोगराबाड़ी कॉलोनी में मॉर्निंग वॉक पर निकली 77 वर्षीय महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
मोगराबाड़ी निवासी कमला कावड़िया (77) पत्नी चांद सिंह कावड़िया सुबह टहलने निकली थीं। कॉलोनी के गेट से मुख्य सड़क पर पहुंचते ही बाइक पर आए दो युवकों ने उनकी चेन झपटने की कोशिश की। महिला द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे उनकी गर्दन और कोहनी में चोट आई।
महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान कच्ची बस्ती क्षेत्र में निवर्तमान पार्षद पति रवि ने तत्काल मोगराबाड़ी कॉलोनी के दोनों प्रवेश द्वार बंद करा दिए। कॉलोनी के गेट बंद होने से आरोपी अंदर ही फंस गए।
भागने का रास्ता नहीं मिलने पर दोनों बदमाश बाइक लेकर उदियापोल की ओर जाने वाले संकरे पैदल मार्ग और ऊंची सीढ़ियों तक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने बाइक को सीढ़ियों से चढ़ाने-उतारने का जोखिम उठाया। इस दौरान एक युवक गिर भी पड़ा, लेकिन दोनों किसी तरह शिवाजी नगर कम्युनिटी हॉल होते हुए सर्वऋतु विलास कॉलोनी की ओर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भागते समय आरोपियों ने सर्वऋतु विलास कॉलोनी में भी एक अन्य महिला की चेन छीनने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।