भादवी बीज पर गूंजे मांगलिक गीत

Share

उदयपुर, 13 सितम्बर: सीरवी समाज विकास समिति उदयपुर द्वारा श्री आई माताजी के 611वें अवतरण दिवस ‘भादवी बीज’ पर्व को श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समाजजनों ने श्री आई माताजी की भव्य आरती कर सुख-समृद्धि एवं समाज की खुशहाली की कामना की। महिलाओं ने मांगलिक गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान बच्चों को उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही निर्माणाधीन हॉस्टल को लेकर चर्चा की गई। समाज को अधिक संगठित एवं मजबूत बनाने तथा विकास, प्रगति और आगामी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में मावली एसडीएम रमेश सीरवी, अध्यक्ष दोलाराम, उपाध्यक्ष राकेश चौधरी, सचिव प्रकाश और कोषाध्यक्ष इंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।