बीएपी सांसद राजकुमार रोत का सरकार पर हमला

Share

शिक्षा मंत्री, यूसीसी और आदिवासी अधिकारों पर उठाए सवाल
डूंगरपुर, 26 जुलाई:
भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के सांसद राजकुमार रोत ने राज्य सरकार, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और भाजपा सांसद मन्नालाल रावत पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और आदिवासी अधिकारों को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना की। आसपुर विधायक उमेश मीणा, जिला अध्यक्ष अनुतोष रोत और अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने शिक्षा मंत्री के हालिया बयान का जिक्र करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। रोत ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है और युवाओं व शिक्षकों को बेहतर नेतृत्व की जरूरत है।
संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएन) में आदिवासियों का प्रतिनिधित्व कर लौटे रोत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों आदिवासियों को केवल वोट बैंक मानती हैं। उन्होंने कहा कि मानगढ़ धाम पर आदिवासियों को मूल निवासी बताया जाता है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी अलग पहचान को लेकर अलग रुख अपनाया जाता है। इसे उन्होंने आदिवासियों के साथ अन्याय बताया।
यूसीसी के मुद्दे पर रोत ने उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति कर आदिवासी समाज को बांटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यूसीसी और धर्म अलग-अलग विषय हैं तथा इस मुद्दे पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।