दाल-बाटी पार्टी वीडियो के बाद फिर उठे सुरक्षा पर सवाल
चित्तौड़गढ़, 26 जुलाई: चित्तौड़गढ़ जिला जेल में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल परिसर में दूध की थैली में छिपाकर रखा गया एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। यह बरामदगी उस घटना के दो दिन बाद हुई है, जब रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज हत्याकांड के आरोपियों के जेल के भीतर दाल-बाटी पार्टी करने और डांस करने के वीडियो सामने आए थे।
जेल प्रशासन के अनुसार मोबाइल बी वार्ड की बैरक नंबर 8 और 9 के बीच बने अंतिम दो शौचालयों के पास दीवार पर लगे लोहे के जाल के निकट मिला। मोबाइल को एक अलग पन्नी में लपेटकर दूध की थैली के भीतर छिपाया गया था। बरामद डिवाइस सिल्वर रंग का कैचौड़ा कंपनी का मोबाइल था, जिसकी बैटरी भी साथ मिली।
जेल प्रहरी सीताराम बैरवा ने मोबाइल जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद जेल अधीक्षक की ओर से कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट भेजी गई। प्रहरी वेदराम की शिकायत पर राजस्थान कारागार अधिनियम, 2015 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मोबाइल को मालखाने में जमा कराया गया है और उसकी कॉल डिटेल सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी।
दो दिन पहले वायरल हुए वीडियो में कुछ कैदी जेल के भीतर दावत करते और पार्टी जैसा माहौल बनाते नजर आए थे, जिससे जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे थे। अब मोबाइल मिलने के बाद यह आशंका और गहरा गई है कि प्रतिबंधित सामान जेल के भीतर कैसे पहुंच रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरक्षा में चूक कहां हुई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।