7 लाख का कर्ज उतारने के लिए बना अफीम तस्कर

Share

अचार के डिब्बे में छिपाकर ले जा रहा था माल
चित्तौड़गढ़, 5 जून:
चित्तौड़गढ़ जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1.215 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अफीम को अचार के डिब्बे में छिपाकर सप्लाई देने जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि करीब 7 लाख रुपए के कर्ज के कारण वह तस्करों के संपर्क में आया और नशा तस्करी का काम करने लगा।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि बस्सी थाना क्षेत्र के नगरी-आम रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में तलाशी लेने पर अचार के डिब्बे के नीचे थैली में छिपाकर रखी गई 1.215 किलो अफीम बरामद हुई। ऊपर अचार भर दिया गया था ताकि किसी को संदेह न हो।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधेश्याम पुत्र बंशीलाल सालवी (30) निवासी आवलहेड़ा, थाना बस्सी के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नशे का आदी है और हर खेप पहुंचाने के बदले उसे करीब 5 हजार रुपए मिलते थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर यह जांच शुरू कर दी है कि आरोपी को अफीम कौन उपलब्ध करवा रहा था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।