ट्रैक्टर जब्ती को लेकर गोगुंदा मंडल अध्यक्ष और अधिकारी आमने-सामने, दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप
उदयपुर, 5 जून: उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर ट्रैक्टर जब्ती की कार्रवाई को लेकर भाजपा नेता और आरटीओ इंस्पेक्टर के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। करीब तीन मिनट के इस वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। मामले में भाजपा के गोगुंदा मंडल अध्यक्ष निखिल कोठारी और आरटीओ इंस्पेक्टर सुनील चौधरी ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार आरटीओ टीम ने हाईवे पर एक ट्रैक्टर को रोका था, जिसमें बिजली के पोल लगाने के लिए गड्ढे खोदने वाली मशीन लगी हुई थी। नियमों के उल्लंघन की आशंका पर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। ट्रैक्टर चालक ने इसकी सूचना भाजपा नेता निखिल कोठारी को दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और विवाद बढ़ गया।
वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। आरटीओ कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। बताया जा रहा है कि वीडियो में गाली-गलौज और राजकार्य में बाधा डालने को लेकर भी बहस होती नजर आ रही है।
भाजपा नेता निखिल कोठारी का आरोप है कि ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए पहले एक लाख रुपये और बाद में 80 हजार रुपये में मामला निपटाने की बात कही गई। उनका कहना है कि ट्रैक्टर का वाणिज्यिक उपयोग संबंधी 52,200 रुपये का टैक्स भी जमा करवा दिया गया था, इसके बावजूद चालक को परेशान किया जा रहा था। हालांकि उन्होंने गाली-गलौज के आरोपों से इनकार किया है।
वहीं आरटीओ इंस्पेक्टर सुनील चौधरी ने गोगुंदा थाने में परिवाद देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की पड़ताल की जाएगी और मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी लिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और दोनों पक्षों के आरोपों में कितनी सच्चाई है।