वन महोत्सव के मंच से पूर्व मुख्यमंत्री पर तीखा हमला, बोले- आपके मंत्री और अधिकारी भ्रष्टाचार में जेल में; हमारी सरकार ढाई साल में 1.78 लाख युवाओं को दे चुकी नियुक्ति
उदयपुर, 1 अगस्त: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर में आयोजित 77वें वन महोत्सव के मंच से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि गहलोत कांग्रेस में “हेराफेरी” के लिए जाने जाते हैं और जब भी राजस्थान में कोई अच्छा काम होता है तो उन्हें अपने कार्यकाल की याद आने लगती है। शर्मा ने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार के समय भ्रष्टाचार चरम पर था, जिसके चलते उनके मंत्री और अधिकारी आज जेल में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को केवल धोखा दिया, जबकि उनकी सरकार ढाई वर्ष में 1 लाख 78 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देने के बजाय गहलोत मुद्दों को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने प्रत्येक चुनावी वादे को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। रोडवेज कर्मचारियों के वेतन का उल्लेख करते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासन में कर्मचारियों को आठ-आठ महीने तक वेतन नहीं मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार समय पर भुगतान सुनिश्चित कर रही है।
वन महोत्सव के बाद मुख्यमंत्री झाड़ोल तहसील के बीड़ा गांव पहुंचे, जहां ग्राम विकास चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया और रात्रि विश्राम किया। रविवार को वे नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाएंगे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ से वर्चुअली जुड़ेंगे, कैलाशपुरी में एकलिंगजी के दर्शन करेंगे तथा राजसमंद दौरे के बाद एमपीयूएटी में अनुसूचित जनजाति परामर्शदात्री समिति की बैठक और उदयपुर संभाग व सिरोही के कलेक्टर-एसपी के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।